share market
Share Market: नई दिल्ली/मुंबई: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। बेंचमार्क सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी लगभग एक प्रतिशत तक टूटकर बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 829.29 अंक यानी 1.08 प्रतिशत गिरकर 76,034.42 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 992.53 अंक तक लुढ़ककर 75,871.18 के स्तर तक पहुंच गया था। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 227.70 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 23,639.15 पर बंद हुआ। रुपया भी दबाव में रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे की गिरावट के साथ 92.17 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
Share Market: सेंसेक्स कंपनियों का प्रदर्शन
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे अधिक 4.23 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा मारुति, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर बढ़त में बंद हुए।
Share Market: विशेषज्ञों की राय
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में तनाव के कारण वैश्विक निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता कम हो रही है। तेल परिवहन जहाजों पर हमलों की खबरों से कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच रही हैं, जिससे महंगाई और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। एशियाई और यूरोपीय बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली, जबकि ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 96.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


