Share Market: पश्चिम एशिया तनाव से नहीं उबर पा रहा बाजार; सेंसेक्स 1342 अंक फिसला, जानिए निफ्टी का हाल

share market
share market
Share Market: नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। बुधवार को एक दिन की राहत के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक करीब दो प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और बैंकिंग सेक्टर के ब्लू-चिप शेयरों में गिरावट ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया। वहीं भारतीय रुपया भी कमजोर हुआ और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे गिरकर 92.01 पर बंद हुआ।
Share Market: बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,342.27 अंक यानी 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,446 अंक तक टूटकर 76,759.26 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 394.75 अंक यानी 1.63 प्रतिशत गिरकर 23,866.85 पर बंद हुआ।
Share Market: सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, ट्रेंट, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में प्रमुख गिरावट देखी गई, जबकि सन फार्मा और एनटीपीसी के शेयरों में हल्की बढ़त दर्ज की गई।
Share Market: विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई है। निवेशक जोखिम से बचने के लिए सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इक्विटी बाजारों में अस्थिरता बढ़ रही है।
Share Market: इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल आया। एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी के लिए कच्चा तेल 460 रुपये बढ़कर 7,881 रुपये प्रति बैरल पहुंच गया, जबकि वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड 5.76 प्रतिशत चढ़कर 92.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 4,672 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों ने 6,333 करोड़ रुपये की खरीदारी की।


