ASIAN NEWS BHARAT – Voice of People
Latest Hindi News, Politics, Crime & Culture from Raipur, Chhattisgarh & India
भिलाई : Bhilai Breaking : पंडवानी गायन की प्रतिष्ठित लोक गायिका पद्मविभूषण तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन ने त्वरित कदम उठाया। दुर्ग कलेक्टर प्रकाश ऋचा चौधरी अधिकारियों के साथ उनके गृहग्राम गनियारी पहुंचीं। कलेक्टर ने तीजन बाई और उनके परिवार से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
दुर्ग कलेक्टर ने जिला प्रशासन की ओर से रेडक्रॉस फंड से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक तीजन बाई को सौंपा। इस दौरान उन्होंने उनके परिवार को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने और जरूरत पड़ने पर अन्य सहायता उपलब्ध कराने का वादा भी किया।
तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर एशियन न्यूज़ की खबर का असर साफ तौर पर देखा गया। खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया।
पद्मविभूषण तीजन बाई छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने पंडवानी गायन को न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाई है। उनके स्वास्थ्य को लेकर खबरें आने के बाद प्रशंसकों में चिंता थी।
कलेक्टर प्रकाश ऋचा चौधरी ने कहा, “तीजन बाई हमारे राज्य की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। उनके स्वास्थ्य और जरूरतों का ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। हम हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं।”
कलेक्टर की इस पहल की स्थानीय समुदाय और तीजन बाई के परिवार ने सराहना की। तीजन बाई ने जिला प्रशासन और जनता का आभार व्यक्त किया।