Helicopter crash in Saudi Arabia: सऊदी अरब में हेलीकॉप्टर क्रैश, 14 लोगों की मौत, जांच में जुटी एजेंसियां
Helicopter crash in Saudi Arabia: नई दिल्ली: सऊदी अरब के रास तनुरा इलाके में रविवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। सऊदी अरब की प्रमुख तेल कंपनी अरामको का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई। सरकारी समाचार एजेंसी और ऊर्जा मंत्रालय ने इस हादसे की पुष्टि की है।
सभी मृतक सऊदी नागरिक
सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग सऊदी अरब के नागरिक थे। दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
जांच में जुटी एजेंसियां
ऊर्जा मंत्रालय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मंत्रालय ने बताया कि हेलीकॉप्टर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जांच का जिम्मा सौंप दिया गया है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
तेल टर्मिनल से जुड़ा है क्षेत्र
रास तनुरा सऊदी अरामको का एक महत्वपूर्ण तेल केंद्र माना जाता है। इसी क्षेत्र के ऑयल टर्मिनल से कुछ दिन पहले ही कच्चे तेल की लोडिंग दोबारा शुरू की गई थी। यह काम पिछले करीब चार महीनों से बंद था। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल राहत और जांच कार्य जारी है।

