Muharram Procession: मुहर्रम के जुलूस में पेन किलर बताकर चूहे मारने वाली जहरीली कैप्सूल बांट रहा था फैयाज, आरोपी के पास से 14,900 कैप्सूल बरामद
Muharram Procession: मुंबई। आर्थिक राजधानी मुंबई के भायखला क्षेत्र में मुहर्रम के जुलूस के दौरान कथित रूप से जहरीले कैप्सूल बांटने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भायखला पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 14,900 कैप्सूल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में इन कैप्सूलों में चूहे मारने वाले जहर जिंक फास्फाइड की मौजूदगी का पता लगा है।
Muharram Procession: पुलिस के अनुसार, मुहर्रम जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को बिना किसी अनुमति के लोगों को मुफ्त में कैप्सूल वितरित करते देखा, जिस पर संदेह हुआ। इसी दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने और उल्टी तथा पेट दर्द की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
Muharram Procession: मामले की जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के डीसीपी जयंत मीणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह बड़ी संख्या में लोगों को निशाना बनाने के उद्देश्य से करीब 30,000 कैप्सूल तैयार करना चाहता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय तक वह 14,900 कैप्सूल तैयार कर चुका था।
Muharram Procession: गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैयाज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पुणे का निवासी बताया जा रहा है और पेंट का कारोबार करता है। जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर व्यावसायिक उपयोग का हवाला देकर ऑनलाइन लगभग 50 किलोग्राम जिंक फास्फाइड मंगाया था।
Muharram Procession: पुलिस का दावा है कि वह पिछले कुछ दिनों से मुंबई में एक ठिकाने पर रहकर खाली कैप्सूलों में जहर भर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी केवल चार लोगों को ही ये कैप्सूल दे पाया था। सभी प्रभावित व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
Muharram Procession: खंगाले जा रहे हैं आरोपी के यात्रा रिकॉर्ड
जांच के दौरान आरोपी के यात्रा रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2025 में ईरान और इराक की यात्रा पर गया था। इसी आधार पर जांच एजेंसियां इस मामले के संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों और किसी संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच कर रही हैं। हालांकि, अब तक इस संबंध में किसी विदेशी संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आरोपी भायखला पुलिस की रिमांड पर है।

