Raipur City Crime: Murder in WRS Colony; youth's face crushed with a stone to conceal identity; police have launched an investigation.
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर की डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में बीती रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर उसके चेहरे और सिर को पत्थर से कुचल दिया। वारदात इतनी नृशंस थी कि मृतक का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया है।
Raipur City Crime : पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 11ः30 बजे के बाद सामने आई। रेलवे स्टेशन पुनर्निर्माण परियोजना के तहत डंप किए जा रहे मलबे के बीच स्थित एक सुनसान इलाके में युवक का शव पड़ा मिला। सबसे पहले ठेकेदार के कार्यालय के एक कर्मचारी ने शव को देखा और इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। मौके पर पहुंची खमतराई पुलिस ने जांच शुरू की तो घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले।
Raipur City Crime : पुलिस को एक बड़ा पत्थर भी बरामद हुआ है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हमलावरों ने युवक को पहले काबू किया और फिर सिर व चेहरे पर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया गया। एडीसीपी गौरव मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
Raipur City Crime : मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन उसके दाहिने हाथ पर गोदना (टैटू) में आरके सारथी लिखा हुआ मिला है। पुलिस को उम्मीद है कि इसी आधार पर मृतक की पहचान और उसके परिवार तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है।

