UP News : हर बच्चे को स्कूल लेकर जाएं...., CM योगी ने 'स्कूल चलो अभियान' का किया शुभारंभ, बच्चों को दीं किताबें और बैग
UP News : वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को काशी से ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत की। शिवपुर स्थित परिषदीय विद्यालय में उन्होंने बच्चों को खुद स्कूल बैग पहनाए, किताबें वितरित कीं और उनकी प्रदर्शनी देखकर उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री लेना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारित करना और उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा देना है।
UP News : 2017 से पहले स्कूलों की जर्जर हालत का जिक्र
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति याद करते हुए कहा कि उस समय कई सरकारी स्कूल जर्जर थे और छात्र संख्या लगातार घट रही थी। एक स्कूल का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वहां बच्चों की संख्या 10 से भी कम रह गई थी। उन्होंने कहा कि पहले ड्रॉप आउट रेट 19 प्रतिशत से ज्यादा था। बच्चे तीसरी, चौथी, पांचवीं या छठी के बाद स्कूल छोड़ देते थे। स्कूलों में टॉयलेट और पेयजल की व्यवस्था नहीं थी, जिससे बच्चे स्कूल नहीं आते थे।
UP News : ड्रॉप आउट रेट 19% से घटकर 3% पर आया
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब ड्रॉप आउट रेट 19 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत पर आ गया है। उन्होंने लक्ष्य रखा कि इसे शून्य प्रतिशत तक लाया जाए। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं ताकि शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आए।
UP News : 15 अप्रैल तक चलेगा अभियान
‘स्कूल चलो अभियान’ 15 अप्रैल तक चलेगा। सरकार ने हर स्कूल को 2500 रुपये की धनराशि आवंटित की है। इस दौरान बच्चों को निशुल्क किताबें, यूनिफॉर्म और बैग वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को 700 किलोग्राम की विक्रमादित्य वैदिक घड़ी भेंट की, जिसे शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


