Cyber Fraud : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक बड़े कारोबारी से 1 करोड़ 41 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को इंग्लैंड की युवती बताकर फेसबुक पर दोस्ती की, भरोसा जीता और फिर मुनाफे का लालच देकर महीनों तक निवेश कराते रहे। मामला सामने आने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Cyber Fraud : पीड़ित कारोबारी 75 वर्षीय दुर्गा शंकर, मुरार क्षेत्र के काशीपुरा निवासी हैं और पैकिंग मटेरियल के बड़े व्यापारी बताए जा रहे हैं। 28 जून को फेसबुक पर उन्हें इंग्लैंड की युवती के नाम से एक प्रोफाइल से मैसेज आया। बातचीत आगे बढ़ी तो मोबाइल नंबर भी साझा कर लिए गए। इसके बाद युवती बनकर बात कर रहे ठग ने उन्हें gold/dgmcoinfx.com और www.dgmcoinsvip.com नाम की वेबसाइट पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का ऑफर दिया।
Cyber Fraud : भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने पहले 40 हजार रुपये निवेश करवाए और अगले ही दिन 50 हजार रुपये वापस कर दिए। रकम आसानी से निकल आने पर कारोबारी का भरोसा मजबूत हो गया। इसके बाद मुनाफे का लालच देकर कभी एक लाख, कभी दो लाख रुपये निवेश कराए गए। करीब छह महीनों में 100 से अधिक बार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराते हुए कुल 1.41 करोड़ रुपये निवेश करवा लिए गए।
Cyber Fraud : वेबसाइट पर निवेश की रकम चार गुना बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी। नवंबर में जब कारोबारी ने बड़ी रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगनी शुरू कर दी। तभी उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Cyber Fraud : पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक समेत 12 से अधिक राज्यों के करीब 300 बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी जांच और खातों की ट्रेल खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


