Power banks Banned on Flights : फ्लाइट में पावर बैंक से नहीं कर पाएंगे चार्जिंग, DGCA ने जारी किया नया नियम
Power banks Banned on Flights : नई दिल्ली। अगर आप अक्सर हवाई यात्रा करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। भारत के एविएशन रेगुलेटर DGCA (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने फ्लाइट में पावर बैंक और लिथियम बैटरी से जुड़े सुरक्षा नियमों को और सख्त कर दिया है। अब उड़ान के दौरान फोन या किसी भी डिवाइस को पावर बैंक से चार्ज करना पूरी तरह मना होगा।
DGCA की एडवाइजरी में बताया गया है कि लिथियम बैटरी अधिक गर्म होने, धुआं निकलने या आग लगने के मामलों का प्रमुख कारण बन सकती हैं। पिछले कुछ सालों में विमान के केबिन में ऐसे हादसों की संख्या बढ़ी है, जिससे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसीलिए अब पावर बैंक और अतिरिक्त बैटरियों को सिर्फ हैंड बैगेज में रखा जा सकेगा, ओवरहेड बिन में नहीं, और उड़ान के दौरान उनका इस्तेमाल बिल्कुल मना है।
Power banks Banned on Flights : एयरलाइंस और एयरपोर्ट पर नई जिम्मेदारियां
DGCA ने एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि वे यात्रियों द्वारा लाई जा रही लिथियम बैटरियों से जुड़े जोखिमों की पूरी समीक्षा करें। केबिन में आग की शुरुआती पहचान और प्रभावी फायर फाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था करना अब अनिवार्य होगा। साथ ही, केबिन क्रू को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे बैटरी के ओवरहीट होने, धुएं या आग के शुरुआती संकेत पहचान सकें और सही फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर सकें।
यात्रियों को जागरूक करने के लिए केबिन में अनाउंसमेंट और डिजिटल मैसेजिंग को बढ़ाया जाएगा। एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटर, बोर्डिंग गेट और सुरक्षा जांच के दौरान चेतावनी बोर्ड और वीडियो लगाए जाएंगे। यात्रियों को पावर बैंक और लिथियम बैटरी के सुरक्षित इस्तेमाल और उड़ान से पहले डिवाइस चार्ज करने से बचने की सलाह दी जाएगी।

