Indore Water Crisis
Indore Water Crisis: इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में सामने आए जल संकट ने शहर की स्वच्छता की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताज़ा लैब रिपोर्ट में यह साफ हो गया है कि इस क्षेत्र में सप्लाई किए जा रहे पेयजल में गंदा पानी मिला हुआ था, जिसमें मल-मूत्र से जुड़े खतरनाक बैक्टीरिया पाए गए। इसी दूषित पानी के कारण हैजा और डायरिया फैलने की पुष्टि हुई है। इस जलकांड में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1400 से अधिक लोग बीमार बताए जा रहे हैं।
Indore Water Crisis: लैब जांच में सामने आया कि भागीरथपुरा में पीने के पानी की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज था, जिससे गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल गया। इंदौर के चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर डॉ. माधव प्रसाद हसानी के अनुसार, यह लीकेज एक शौचालय के पास स्थित पाइपलाइन में पाया गया था। इसी कारण पानी में खतरनाक बैक्टीरिया प्रवेश कर गए और पूरे इलाके में संक्रमण तेजी से फैल गया।
Indore Water Crisis: घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाके की जल आपूर्ति व्यवस्था की गहन जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे ने बताया कि भागीरथपुरा की पूरी पाइपलाइन का सर्वे किया जा रहा है, ताकि कहीं और लीकेज की संभावना को समय रहते रोका जा सके। फिलहाल क्षेत्र में साफ पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है। पानी के नए सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
Indore Water Crisis: इस जल त्रासदी से सबक लेते हुए राज्य सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे मध्य प्रदेश में एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और हालात की समीक्षा की। उद्देश्य यह है कि पानी की सप्लाई प्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
Indore Water Crisis: स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए सर्वे में भागीरथपुरा के 1714 घरों की जांच की गई, जिसमें 8571 लोग शामिल थे। इनमें से 338 लोगों में उल्टी-दस्त के हल्के लक्षण पाए गए, जिनका इलाज घर पर ही किया गया। बीते आठ दिनों में 272 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 71 को छुट्टी मिल चुकी है। फिलहाल 201 मरीजों का इलाज जारी है, जिनमें 32 की हालत गंभीर होने पर उन्हें ICU में रखा गया है। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हालात को पूरी तरह नियंत्रण में लाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


