Constable Suspended
CG Suspended : राजनांदगांव। राजनांदगांव में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के अपने पिता से बिछड़ने के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। त्वरित मदद न मिलने के आरोप में महिला थाना प्रभारी गीतांजलि सिंह और कोतवाली थाना के आरक्षक चंद्रेश सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम का भी तबादला कर दिया गया है।
CG Suspended : जानकारी के मुताबिक शहर के मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी करीब डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे की हालत में था, जिसके चलते वह बच्ची पर ध्यान नहीं दे पाया और इसी दौरान मासूम उससे बिछड़ गई। कुछ समय बाद बच्ची सड़क किनारे खड़ी रोती हुई मिली। उसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों की नजर बच्ची पर पड़ी।
CG Suspended : बच्ची को अकेला और रोता हुआ देखकर दोनों उसे तुरंत महिला थाने लेकर पहुंचे, ताकि पुलिस उसकी मदद कर सके और परिजनों तक पहुंचा सके। हालांकि आरोप है कि महिला थाने में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करने के बजाय युवकों को डायल 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दे दी। इसके बाद जब दोनों युवक बच्ची को लेकर कोतवाली थाना पहुंचे तो वहां मौजूद आरक्षक ने भी कोई ठोस मदद नहीं की।
CG Suspended : आखिरकार दोनों युवकों ने चीखली पुलिस चौकी के एक आरक्षक की मदद से चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क किया। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को संपर्क गृह भेजा, जिसके बाद पुलिस ने जानकारी जुटाकर उसे उसके परिजनों से मिला दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की है और भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए सख्त निर्देश भी जारी किए हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


