CG Weather News : रायपुर। नए साल से पहले ही छत्तीसगढ़ में ठंड ने अपने तेवर और तीखे कर लिए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों तक प्रदेश के तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, वहीं एक–दो स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में सुबह से धुंध और रात–सुबह कड़ाके की ठंड लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।
CG Weather News : मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा, इसके बाद इसमें 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, कुछ पॉकेट एरिया में शीतलहर की आशंका बनी हुई है। राजधानी में देर शाम से सुबह तक बिना गर्म कपड़ों के रहना मुश्किल हो गया है, जबकि आउटर इलाकों में दिन में भी ठंड का असर साफ नजर आ रहा है।
CG Weather News : अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड का असर-
प्रदेश में फिलहाल कहीं भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच पाया है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। यहां कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है और कुछ इलाकों में बर्फ जमने जैसी स्थिति भी बन गई है। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश का कोई आंकड़ा दर्ज नहीं हुआ है।
CG Weather News : रायपुर का आज का मौसम-
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आज धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंच चुका है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है। फिलहाल छत्तीसगढ़वासियों को अगले कुछ दिन तक ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


