बिलासपुर: मोपका क्षेत्र की छात्राओं ने SP ऑफिस में किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग....
बिलासपुर : बिलासपुर के मोपका क्षेत्र की कुछ स्कूली छात्राएं और उनके परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे और क्षेत्र में हो रही असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें छेड़खानी और मारपीट की घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक इन घटनाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके कारण उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
छात्राओं का कहना है कि असामाजिक तत्वों ने उन्हें डराया-धमकाया और कई बार हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस द्वारा उचित कदम न उठाए जाने से नाराजगी का माहौल बना हुआ है। उन्होंने एसपी ऑफिस में अधिकारियों से मांग की कि जल्द से जल्द आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में छात्रों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, छात्राओं और परिजनों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपियों को छोड़ दिया। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे और भी सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और पुलिस ने यह भरोसा दिलाया है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
