Ketan Murder Case: पुलिस ने लोहागढ़ किले पर कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन, सिया ने केतन को किला से कैसे दिया था धक्का?
Ketan Murder Case: नई दिल्ली: केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल को रविवार को लोहागढ़ किले पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। पुलिस ने सिया के बताए अनुसार पूरी घटना को दोबारा दोहराया, ताकि यह समझा जा सके कि हत्या कैसे हुई थी।
डमी की मदद से हुई जांच
पुलिस ने केतन अग्रवाल के बराबर वजन वाली एक डमी का इस्तेमाल किया। इससे यह जांचने की कोशिश की गई कि घटना के समय क्या-क्या हुआ और आरोपियों की क्या भूमिका रही। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, ताकि जांच में इसे सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।
पर्यटकों के लिए बंद रहा किला
क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान सुरक्षा कारणों से लोहागढ़ किले को आम लोगों के लिए बंद रखा गया। पुलिस ने किसी भी पर्यटक को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता और पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर पंचनामा भी तैयार किया गया।
एफआईआर में सिया पर गंभीर आरोप
केतन के पिता की ओर से दर्ज एफआईआर में सिया गोयल पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, सिया पिछले कुछ समय से छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करती थी और अक्सर केतन से झगड़ा करती थी। परिवार का यह भी आरोप है कि लोहागढ़ किले की यात्रा रद्द होने के बाद सिया नाराज हो गई थी और वहीं जाने की जिद कर रही थी।

