Operation Sindoor
Operation Sindoor: नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले छह सैन्य कर्मियों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं। इन सभी वीर जवानों के नाम अब नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (नेशनल वॉर मेमोरियल) की ‘रोल ऑफ ऑनर’ सूची और ग्रेनाइट दीवारों पर दर्ज किए जाएंगे। इसे ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को आधिकारिक श्रद्धांजलि माना जा रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर क्या था?
ऑपरेशन सिंदूर मई 2025 में भारतीय सेना और वायुसेना द्वारा चलाया गया एक विशेष सैन्य अभियान था। इस अभियान में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मौजूद आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इस मिशन के दौरान छह जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इन वीर जवानों को मिला सम्मान
शहीदों में सेना के पांच और भारतीय वायुसेना का एक जवान शामिल हैं। इनके नाम हैं सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, अग्निवीर मूड मुरली नायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार। राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को वायु पदक से सम्मानित किया गया है।
हमेशा के लिए अमर रहेंगे नाम
अब इन सभी शहीदों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की ग्रेनाइट दीवारों पर हमेशा के लिए अंकित रहेंगे। यहां आने वाले लोग इन वीर सपूतों के साहस और बलिदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।

