Oman Boat Accident : ओमान में समुद्री हादसा : 14 भारतीयों से भरी नाव डूबी, बचाव के लिए पहुंची अमेरिकी नौसेना
Oman Boat Accident : मस्कट। ओमान के रास अल हद्द तट के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया। 14 भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक पारंपरिक धौ (नौका) समुद्र में डूब गई। घटना की सूचना मिलते ही अमेरिकी नौसेना और भारतीय नौसेना ने तुरंत संयुक्त बचाव अभियान शुरू कर दिया। सभी भारतीयों के सुरक्षित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Oman Boat Accident : अमेरिकी नौसेना का त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन
14 जून की सुबह रास अल हद्द तट से करीब 80 समुद्री मील पूर्व यह घटना हुई। संकटग्रस्त नौका की जानकारी मिलते ही अमेरिकी नौसेना का पी-8 समुद्री निगरानी विमान मौके पर पहुंचा। विमान ने तुरंत समुद्र में लाइफ राफ्ट गिराया, जिससे नौका पर सवार सभी लोग सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट में स्थानांतरित हो गए।
Oman Boat Accident : व्यापारी जहाज ने भी दी मदद
अमेरिकी नौसेना की निगरानी में पुष्टि होने के बाद आसपास के जहाजों से सहायता मांगी गई। सेंट किट्स एंड नेविस ध्वज वाला व्यापारी जहाज ‘एमवी जबल अली 9’ अपना मार्ग बदलकर राहत कार्य में शामिल हुआ। यह जहाज उस समय सोहर से मुंबई की ओर जा रहा था। भारतीय नौसेना और संबंधित अधिकारियों को भी तुरंत सूचना दे दी गई है।
Oman Boat Accident : सभी 14 भारतीय सुरक्षित, जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, सभी 14 भारतीय लाइफ राफ्ट में सुरक्षित हैं। अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। इस क्षेत्र में हाल ही में पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण माहौल के बीच कई समुद्री घटनाएं हुई हैं, जिनमें भारतीय नागरिक शामिल रहे हैं। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में आए दावों का खंडन किया है।

