IPL Online Betting Busted in Raigarh: आईपीएल फाइनल पर लगवा रहे थे ऑनलाइन सट्टा, दो सटोरिये गिरफ्तार, 32 लाख रुपए नकद जब्त
IPL Online Betting Busted in Raigarh: रायगढ़। रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” में खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल फाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन तथा 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में तीन अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश जारी है।
IPL Online Betting Busted in Raigarh: मुखबिर से मिली थी सूचना
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ लोग आईपीएल फाइनल मैच की हार-जीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
IPL Online Betting Busted in Raigarh: दो आरोपी गिरफ्तार, सिंडिकेट के तीन अन्य सदस्य फरार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गंज बाजार क्षेत्र से गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट चला रहे थे। पुलिस के अनुसार साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ अर्जित करता था।
IPL Online Betting Busted in Raigarh: मोबाइल फोन से मिले ऑनलाइन सट्टेबाजी के साक्ष्य
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टे से संबंधित आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।
IPL Online Betting Busted in Raigarh: फरार आरोपी के घर से करीब 32 लाख रुपये बरामद
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस को देखकर साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया और अपने पीछे दो बैग तथा नोट गिनने की मशीन छोड़ गया। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों और परिजनों की उपस्थिति में बैगों की तलाशी ली, जिसमें कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए। रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने राशि जब्त कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। इस आधार पर गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
IPL Online Betting Busted in Raigarh: फरार आरोपियों की तलाश जारी, एक का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है। वहीं गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मार्च माह में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे के एक मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


