CG Dial 112 Service: वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने CG डॉयल 112 के 16 अत्याधुनिक ईआरव्ही वाहनों को दिखाई हरी झंडी,कहा-पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता होगी मजबूत
CG Dial 112 Service: रायगढ़। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा, सेवा और सुशासन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में रायगढ़ जिले को डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) के तहत 16 अत्याधुनिक आपातकालीन वाहन मिले हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुराना पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
CG Dial 112 Service: आपात स्थिति में मिलेगी तुरंत सहायता
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नई व्यवस्था से रायगढ़ जिले के लोगों को किसी भी आपात स्थिति में तेज, सुरक्षित और प्रभावी सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने इसे राज्य सरकार की सुरक्षा और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण कदम बताया।
CG Dial 112 Service: पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता होगी मजबूत: चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह योजना सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है और इसके परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने रायगढ़ पुलिस और प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
CG Dial 112 Service: डायल-112 सेवा का पूरे प्रदेश में विस्तार
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डायल-112 योजना का विस्तार करते हुए जिले को 16 नए अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) प्रदान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि डायल-112 सेवा 4 सितंबर 2018 से राज्य के 16 जिलों में संचालित थी, जिसे अब डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया गया है। इस परियोजना का लोकार्पण 18 मई 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था।
CG Dial 112 Service: आधुनिक तकनीक से लैस हैं वाहन
एसएसपी ने बताया कि फेज-2 योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 400 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल तैनात किए गए हैं, जिनमें रायगढ़ जिले को 16 वाहन आवंटित हुए हैं। इन आधुनिक वाहनों में पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे घटनास्थल पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
CG Dial 112 Service: एक ही नंबर पर मिलेंगी सभी आपात सेवाएं
उन्होंने बताया कि इस एकीकृत आपातकालीन सेवा व्यवस्था के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा सेवा, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सेवाओं को एक ही आपातकालीन नंबर 112 से जोड़ा गया है। इससे नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जरूरी आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। संपूर्ण प्रणाली के संचालन के लिए रायपुर में अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ‘सी-4’ स्थापित किया गया है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


