Punjab News
जालंधर: पंजाब सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘मां-बेटी सम्मान योजना’ का पंजीकरण आज से शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में इस योजना का शुभारंभ करते हुए दीक्षा कौर, सिमरन कौर, अमरजीत कौर, हरबंस कौर और निशा को प्रमाण पत्र वितरित किए।
पहले चरण में 9 विधानसभा क्षेत्रों में पंजीकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का पायलट प्रोजेक्ट 15 अप्रैल से आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, डिडबा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला ग्रामीण सहित 9 विधानसभा क्षेत्रों में शुरू हो गया है। शेष 108 विधानसभा क्षेत्रों में पंजीकरण 15 मई से शुरू होगा।
पैसे मिलने में कोई देरी नहीं
सीएम भगवंत मान ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि कार्ड बनने या पैसे मिलने में देरी की कोई चिंता न करें। योजना शुरू होने के दिन से ही पैसे वितरित कर दिए जाएंगे। जाति प्रमाण पत्र में देरी हो रही है, लेकिन पंजीकरण करा लें, प्रमाण पत्र मिलते ही पैसे मिलने शुरू हो जाएंगे।
सामान्य वर्ग को 1000, SC को 1500 रुपये
योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को जुलाई से 1000 रुपये प्रति माह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। सरकार ने इस योजना के लिए 9300 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।
महिलाओं से राजनीति में आने की अपील
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सक्रिय राजनीति में आने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर उनके बिना घर नहीं चल सकता तो देश भी उनके बिना नहीं चल सकता। बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा शेरनी के दूध के समान है, जो इसे पीएगा वह दहाड़ेगा। अब समय आ गया है कि महिलाएं शेरनी बनें।

