Bangladesh Bus Accident
Bangladesh Bus Accident: नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में हुए भीषण बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई, जब यात्रियों से भरी बस दाउलतदिया घाट पर फेरी में चढ़ते वक्त संतुलन बिगड़ने से सीधे पद्मा नदी में जा गिरी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई शव बरामद
फायर सर्विस के अनुसार, 23 शव बस के अंदर से निकाले गए, जिनमें 11 महिलाएं, 7 पुरुष और 5 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 8 लोगों को जिंदा बचाया गया था, लेकिन उनमें से 3 की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। कुछ लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
40 यात्री थे सवार, ईद के बाद लौट रहे थे घर
जानकारी के मुताबिक बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे। ये सभी लोग ईद की छुट्टियां मनाकर राजधानी ढाका लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई यात्री एक ही परिवार के थे, जिससे हादसे के बाद माहौल बेहद भावुक हो गया।
फेरी पर चढ़ते वक्त बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि बस फेरी पर चढ़ रही थी, तभी एक अन्य नाव के टकराने से संतुलन बिगड़ गया और बस नदी में गिर गई। कुछ यात्री तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अधिकांश बस के अंदर ही फंसे रह गए।
6 घंटे की मशक्कत के बाद निकाली गई बस
रेस्क्यू टीम ने ‘हमजा’ नाम के जहाज और क्रेन की मदद से करीब 6 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आधी रात को बस को नदी से बाहर निकाला। इस अभियान में फायर सर्विस, सेना, पुलिस, कोस्ट गार्ड और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल रही।
जांच के आदेश, 5 सदस्यीय कमेटी गठित
हादसे के बाद बांग्लादेश सरकार ने मामले की जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में काम करेगी और तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


