CG News : सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र से एक बेहद भयावह घटना सामने आई है, जहां अवैध शिकार के लिए बिछाए गए करंट के जाल ने एक युवक और एक सियार की जान ले ली। बड़ेरा मड़वासरई के घने जंगल में 11 हजार केवी लाइन से अवैध हुकिंग कर करीब 300 मीटर तक करंट फैलाया गया था।
CG News : जानकारी के अनुसार, मूर्ताडांड निवासी 35 वर्षीय मिश्रा यादव जंगल में लकड़ी लेने गया था, तभी वह इस घातक तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही तड़पकर उसकी मौत हो गई। उसके साथ मौजूद रिश्तेदार बाल-बाल बच गए, लेकिन अपनी आंखों के सामने यह दर्दनाक मंजर देख सन्न रह गए।
CG News : हैरानी की बात यह है कि इसी करंट जाल में एक सियार की भी जान चली गई, जो यह दर्शाता है कि जंगली जानवरों के शिकार के लिए यह खतरनाक साजिश लंबे समय से रची जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के चलते ऐसे जाल खुलेआम बिछाए जा रहे हैं। इससे पहले भी इसी इलाके में चार भैंसों की मौत हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
CG News : घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। वन विभाग ने मौके से करंट वाले तार और खंभों को जब्त कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


