Valentine's Day
Valentine’s Day: भोपाल: मध्य प्रदेश के सागर शहर में वैलेंटाइन डे को लेकर शिवसेना ने एक बार फिर मोर्चा संभाल लिया है। शिवसैनिकों ने सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर पहुंचकर पंडितों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण करते हुए लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद शहर के पार्कों, होटलों, रेस्टोरेंट्स और धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर चस्पा किए गए, जिनमें 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाने का कड़ा विरोध दर्ज किया गया। शिवसैनिकों ने जोरदार नारेबाजी भी की और चेतावनी दी “जहां मिलेंगे बाबू सोना तोड़ देंगे कोना-कोना”।
Valentine’s Day: शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं है। कुछ युवक-युवतियां पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय आचरण करते हैं, जिसे शिवसेना बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि 14 फरवरी को कोई कपल सार्वजनिक जगह पर अश्लीलता करते पाया गया तो मौके पर ही उनकी शादी करवा दी जाएगी।
Valentine’s Day: शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि शिवसेना हर साल वैलेंटाइन डे का विरोध करती रही है और इस बार भी पूरा विरोध जारी रहेगा। प्रेम की आड़ में अश्लीलता फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए लट्ठ पूजन किया गया। होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी गई है कि यदि 14 फरवरी को कोई फूहड़ या अश्लील कार्यक्रम आयोजित किया गया तो शिवसैनिक सख्त विरोध करेंगे। किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आयोजकों पर होगी। पुलिस प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। शहर में वैलेंटाइन डे को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


