MP News : रतलाम। रतलाम शहर के चांदनी चौक इलाके में एक बार फिर जोरदार विस्फोट की घटना सामने आई है। सैलाना बस स्टैंड के पास स्थित एक वेल्डिंग दुकान में कार्बेट टैंक फटने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना तेज था कि टैंक उड़कर करीब 15 फीट दूर मुख्य सड़क पर जा गिरा, हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
MP News : जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर स्थित न्यू जनरल इंजीनियरिंग एंड वेल्डिंग वर्क्स में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग उपकरणों से जुड़े कार्बेट टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। उस समय दुकान में 80 वर्षीय संचालक और एक कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन दोनों सुरक्षित रहे। जिस समय टैंक सड़क पर गिरा, उस वक्त वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
MP News : घटना की सूचना पर पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। विस्फोट का पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
