CG News : गणतंत्र दिवस के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी का चयन, कर्तव्य पथ पर दिखेगा जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश का पहला डिजिटल संग्रहालय
रायपुर। इस वर्ष गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की विशिष्ट झांकी देशभर का ध्यान आकर्षित करेगी। रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने गणतंत्र दिवस परेड के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी का चयन किया है, जिसमें जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
यह डिजिटल संग्रहालय छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में लोकार्पित किया गया था। अब इसकी झलक राष्ट्रीय मंच पर गणतंत्र दिवस समारोह में देखने को मिलेगी।
झांकी के चयन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की झांकी के माध्यम से आदिवासी समाज की देशभक्ति, अद्वितीय वीरता और सिद्धांतों के लिए बलिदान की गौरवशाली परंपरा पूरे देश के सामने आएगी। यह राज्य के लिए गर्व और उत्साह का विषय है।
जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव ने जानकारी दी कि देशभर के राज्यों से प्राप्त झांकी प्रस्तावों में से लगभग चार महीने की लंबी चयन प्रक्रिया के बाद केवल 17 राज्यों की झांकियों को अंतिम रूप से चुना गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। विशेषज्ञ समिति ने छत्तीसगढ़ की झांकी की विषयवस्तु और डिजाइन की विशेष सराहना की।
जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्’ पर आधारित है। झांकी में उन जनजातीय वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान को दर्शाया गया है, जिनके सम्मान में देश का पहला डिजिटल संग्रहालय स्थापित किया गया है। यह संग्रहालय जनजातीय विद्रोहों, एकजुटता और स्वतंत्रता के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक रोचक और प्रेरणादायक स्वरूप में पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि झांकी की थीम और डिजाइन जनसंपर्क आयुक्त के मार्गदर्शन में तैयार की गई, जिसे पांच चरणों की कठोर चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। रक्षा मंत्रालय की समिति के समक्ष पहले थीम और डिजाइन प्रस्तुत किए गए, इसके बाद थ्री-डी मॉडल और अंत में संगीत चयन के साथ झांकी को अंतिम मंजूरी दी गई।
गणतंत्र दिवस पर छत्तीसगढ़ की यह झांकी जनजातीय समाज के शौर्य, बलिदान और सांस्कृतिक गौरव को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेगी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


