UP: हरिद्वार/मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी निवासी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी उर्फ टिंकू त्यागी की शनिवार को ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। त्यागी पर बुधवार को लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए रुड़की जेल से लाते समय बदमाशों ने फ्लाईओवर पर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें उसे सीने सहित तीन गोलियां लगी थीं।
UP: घटना 24 दिसंबर की है। धोखाधड़ी के एक मामले में जेल में बंद त्यागी को छह पुलिसकर्मियों के साथ सरकारी वाहन में लक्सर एसीजेएम कोर्ट लाया जा रहा था। फ्लाईओवर पर जाम के कारण वाहन रुका तो दो बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। त्यागी वाहन में ही गिर पड़ा। अफरा-तफरी में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हमलावर हथियार लहराते हुए भीड़ में गायब हो गए।
UP: घायल त्यागी को पहले लक्सर सीएचसी और फिर बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। एम्स पीआरओ ने बताया कि त्यागी की हालत अत्यंत गंभीर थी और शनिवार को उसने दम तोड़ दिया।
UP: त्यागी पुरकाजी थाने का पुराना हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर हत्या, लूट, धोखाधड़ी सहित 57 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने व्यापक नाकाबंदी की, लेकिन हमलावरों का अब तक कोई पता नहीं चला। पुलिस ने लक्सर कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब हमले के पीछे की साजिश और बदमाशों की तलाश में जुटी है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


