UP News
UP News : बाराबंकी। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी, बाराबंकी में विधि पाठ्यक्रम (LLB) को लेकर चल रहा विवाद अब कानूनी दायरे में पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद के अपर सचिव डॉ. दिनेश कुमार ने यूनिवर्सिटी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार देर रात शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यूनिवर्सिटी पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के नियमों का उल्लंघन कर बिना मान्यता के LLB कोर्स संचालित करने का आरोप है।
UP News : नियमों का उल्लंघन, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
अपर सचिव डॉ. दिनेश कुमार ने अपनी तहरीर में कहा कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए यूनिवर्सिटी द्वारा विधि पाठ्यक्रम के लिए छात्रों का पंजीकरण और दाखिला करना नियमों के खिलाफ है। यह कदम निजी विश्वविद्यालय स्थापना संबंधी अधिनियम, 2019 और नियमावली, 2021 का उल्लंघन है। उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
UP News : ABVP और छात्रों का प्रदर्शन
पिछले कुछ दिनों से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और अन्य छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ लगातार प्रदर्शन किए। छात्रों का आरोप था कि यूनिवर्सिटी बिना BCI की मान्यता के LLB कोर्स संचालित कर रही है, जिससे उनके डिग्री की वैधता और भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दावा किया था कि उनकी मान्यता की फाइल बार काउंसिल ऑफ इंडिया में लंबित है, लेकिन इस जवाब से छात्र संतुष्ट नहीं थे।
UP News : पुलिस ने शुरू की जांच
शहर कोतवाली पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को आरोपी बनाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उच्च शिक्षा परिषद की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यूनिवर्सिटी ने किन नियमों का उल्लंघन किया और क्या यह जानबूझकर किया गया। दोषी पाए जाने पर यूनिवर्सिटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
UP News : छात्रों में आक्रोश, प्रशासन में हड़कंप
इस प्राथमिकी ने यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। छात्रों में इस मामले को लेकर गहरा आक्रोश है, क्योंकि बिना मान्यता के कोर्स में दाखिला लेने से उनकी डिग्री की वैधता खतरे में पड़ सकती है। कई छात्रों ने यूनिवर्सिटी पर भ्रामक जानकारी देकर दाखिला कराने का आरोप भी लगाया है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


