MP News
MP News : भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित सीएम हाउस के मुख्य द्वार पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अनावरण किया। इस घड़ी को प्राचीन भारतीय काल गणना पद्धति के आधार पर तैयार किया गया है, जो सूर्योदय से सूर्योदय तक समय की गणना करती है। इस अवसर पर सीएम ने वैदिक घड़ी से जुड़े मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि यह घड़ी न केवल समय बताएगी, बल्कि भारत की प्राचीन वैज्ञानिक और सांस्कृतिक धरोहर को विश्व पटल पर ले जाएगी।
MP News : सूर्योदय से हो दिन की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि दिन की गणना रात 12 बजे से बदलने का कोई तर्क नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारी सनातन परंपरा में दिन की शुरुआत सूर्योदय से होती है। रात 12 बजे दिन बदलने की प्रथा का कोई औचित्य नहीं है। हमारी काल गणना में 30 घंटे में 30 मुहूर्त होते हैं, न कि 60 सेकंड का मिनट। यह हमारी संस्कृति की वैज्ञानिकता और गौरव का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय त्योहार और तिथियां अंग्रेजी कैलेंडर पर आधारित नहीं होतीं, बल्कि ऋतुओं और तिथियों के हिसाब से तय होती हैं। इसलिए समय की गणना भी सूर्योदय के आधार पर होनी चाहिए।
MP News : भारत का समय केंद्र
सीएम ने उज्जैन को भारत का समय गणना का केंद्र बताते हुए कहा कि प्राचीन काल में खगोल विज्ञान की गणना सूर्य की छाया के आधार पर की जाती थी। उन्होंने बताया कि उज्जैन को समय गणना का केंद्र माना जाता था, जो बाद में 32 किमी दूर डोंगला तक पहुंचा। भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा भी समय गणना के लिए डोंगला के पास नारायणा गांव आए थे।
MP News : वैदिक काल गणना की वैज्ञानिकता
मुख्यमंत्री ने वैदिक काल गणना की सटीकता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “10 हजार साल पहले हुए सूर्यग्रहण और चंद्रग्रहण की गणना आज का कंप्यूटर भी सटीक नहीं कर सकता, लेकिन हमारी वैदिक पद्धति तुरंत सही जवाब देती है। सावन में छाता लेकर चलने की परंपरा भी इसी गणना का हिस्सा है।” उन्होंने कहा कि ग्रह, नक्षत्र और तिथियों के आधार पर हमारे पूर्वज जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय लेते थे, और यह परंपरा आज भी जीवित है।
MP News : वैदिक घड़ी का विस्तार
उज्जैन के बाद अब भोपाल के सीएम हाउस में वैदिक घड़ी स्थापित की गई है। इस दौरान संस्कृति मंत्री विश्वास सारंग ने सुझाव दिया कि सभी मंत्रियों को ऐसी घड़ी भेंट की जाए, ताकि वे इसे अपने घरों में स्थापित कर सकें। सीएम ने बताया कि इस घड़ी को राजभवन और अन्य सरकारी भवनों में भी लगाने की योजना है।
MP News : मोबाइल ऐप से हर घर तक वैदिक घड़ी
वैदिक घड़ी के मोबाइल ऐप के लॉन्च के साथ अब यह प्राचीन काल गणना हर व्यक्ति के मोबाइल में उपलब्ध होगी। सीएम ने कहा, “यह ऐप हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जन-जन तक पहुंचाएगा। अब पश्चिम का समय बीत चुका है, पूर्व का समय आ गया है। यह भारत की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक अच्छाइयों को दुनिया तक ले जाने का सही समय है।”
MP News : सनातन संस्कृति पर गर्व
सीएम ने कहा कि वैदिक काल गणना कोई बंधन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति का गौरव है। उन्होंने विधानसभा में भी इस परंपरा को अपनाने की बात कही और सुझाव दिया कि अमावस्या जैसे दिनों में छुट्टी की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस पहल को अपने दोस्तों और रिश्तेदारों तक पहुंचाएं, ताकि भारत की प्राचीन वैज्ञानिक धरोहर को विश्व में सम्मान मिले।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


