CG News: 500 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी...
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दिल्ली निवासी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है, जो उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश के वाराणसी जा रहा था। पुलिस की मुस्तैदी से यह तस्करी नाकाम हो गई, हालांकि मुख्य सरगना अब भी फरार है और पुलिस जांच का दायरा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक बढ़ा रही है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि बिलासपुर मार्ग से एक आइसर कंटेनर (क्रमांक DL 1 MA 8287) में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, पाली थाना प्रभारी विनोद सिंह और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सुतर्रा-रापाखर्रा पुल के पास नेशनल हाईवे-130 पर संदिग्ध कंटेनर को रोककर घेराबंदी की।
500 किलो गांजा बरामद
देर शाम जब कंटेनर की तलाशी ली गई, तो उसमें से 100 पैकेट बरामद हुए। हर पैकेट में 5-5 किलो गांजा भरा था, जिसे ब्राउन टेप से लपेटा गया था। कुल 500 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। पकड़े गए आरोपी राहुल गुप्ता ने कबूल किया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर वाराणसी जा रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कंटेनर जब्त कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20/बी के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
गिरोह के सरगना की तलाश तेज
राहुल गुप्ता से पूछताछ जारी है, लेकिन तस्करी के मास्टरमाइंड तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस को शक है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ-साथ अन्य राज्यों की पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क का पूरा खुलासा हो सके। पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही इस गिरोह के सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


