UP Lekhpal Mains Exam
UP Lekhpal Mains Exam: लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार लेखपाल भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा 21 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इस भर्ती के जरिए राज्य में कुल 7994 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
UP Lekhpal Mains Exam: 3.66 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
आयोग के परीक्षा नियंत्रक के अनुसार लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा में कुल 3 लाख 66 हजार 712 अभ्यर्थी शामिल होंगे। ये सभी उम्मीदवार प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। इस भर्ती में एक पद के लिए औसतन करीब 46 अभ्यर्थी दावेदारी पेश करेंगे, जिससे प्रतियोगिता काफी कड़ी मानी जा रही है।
UP Lekhpal Mains Exam: कटऑफ भी पहले जारी कर चुका है आयोग
UPSSSC ने पहले ही PET स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की कटऑफ जारी कर दी थी। अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ 55.12 अंक तय की गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 47.50 अंक निर्धारित की गई है।
UP Lekhpal Mains Exam: मुख्य परीक्षा के सिलेबस और पैटर्न में बदलाव
इस बार लेखपाल मुख्य परीक्षा के सिलेबस और पैटर्न में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और इसमें निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। नए सिलेबस में गणित को हटा दिया गया है, जबकि डाटा इंटरप्रिटेशन (DI), कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को शामिल किया गया है। सामान्य हिंदी और ग्रामीण समाज से जुड़े प्रश्नों की संख्या भी कम कर दी गई है।
UP Lekhpal Mains Exam: अवर अभियंता परीक्षा की तिथि भी तय
इसके अलावा अवर अभियंता (सिविल) की मुख्य परीक्षा भी घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा 3 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


