Rangpanchami Special : रंगपंचमी पर भोपाल में निकला चल समारोह, सोमवारा में 6 टैंकरों से रंगों की बौछार....
राकेश शर्मा
Rangpanchami Special : भोपाल शहर आज रंगपंचमी पर रंग-गुलाल की बौछारों से सराबोर है। पुराने शहर के सुभाष चौक, बरखेड़ी और नए भोपाल में शाहपुरा से चल समारोह निकाला जा रहा हैं। संत नगर, भेल और कोलार में भी हुरियारों की टोली धूमधाम से रंगपंचमी मना रही है।
Rangpanchami Special : मुख्य और बड़ा आयोजन चौक बाजार पर हुआ। यहां लोग जमा हुए और सुबह 10 बजे गेर की शुरुआत हुई। गेर का इस बार 68वां आयोजन है। हुरियारे भूत – पिशाच बनकर गेर में शामिल हुए हैं। सोमवारा में गेर के पहुंचते ही 6 टैंकरों से रंग बरसाया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इस जश्न में शामिल हुए। श्री हिंदू उत्सव समिति के बैनर तले यह चल समारोह निकाला गया जो लोहा बाजार, छोटा भैय्या कॉर्नर, जनकपुरी, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंता मन चौराहा, इतवारा चौराहा से होकर जैन मंदिर रोड, मंगलवारा, गणपति चौक, घोड़ा नक्कास होते हुए हनुमान जी की मढ़िया पर समाप्त हुआ।
इस गेर में शिव पार्वती, राधा कृष्ण और ब्रज होली की झांकी खास है। ढोल-ताशे, डीजे, दुल-दुल घोड़ी, ऊंट, घोड़े, फूल गुलाल उड़ाने वाली मशीन के साथ नृत्य मंडली के साथ गेर निकाली जा रही है।साल 1960 में पहली बार हिंदू उत्सव समिति के बैनर तले रंगपंचमी का जुलूस निकाला गया।
उस दौर में जुलूस चौक बाजार से प्रारंभ होकर लोहा बाजार, जुमेराती, सोमवारा, लखेरापुरा से होता हुआ हनुमान गंज स्थित हनुमान जी की मड़िया पर खत्म होता था। आज भी इसी रूट को फॉलो किया जाता है। इस चल समारोह में शामिल होने पहुंचे राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रदेशवासियों को रंग पंचमी पर्व की शुभकामनाएं दी।

