Paul Stirling
Paul Stirling : दुबई/डबलिन। टी20 विश्व कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद आयरलैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टी20 फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। 35 वर्षीय स्टर्लिंग का यह फैसला ऐसे समय आया है जब टीम 2028 टी20 विश्व कप की तैयारियों में जुटी हुई है। क्रिकेट आयरलैंड ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
Paul Stirling : विश्व कप में रहा निराशाजनक प्रदर्शन
भारत और श्रीलंका में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 में आयरलैंड की टीम ग्रुप-बी में चौथे स्थान पर रही और सिर्फ 3 अंक हासिल कर ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई। टीम को एक जीत मिली, एक मैच बेनतीजा रहा, जबकि दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। स्टर्लिंग खुद भी टूर्नामेंट में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में घुटने में लिगामेंट की चोट लगने के कारण उन्हें बीच टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उनकी अनुपस्थिति में लॉर्कन टकर ने टीम की कमान संभाली।
Paul Stirling : टी20 कप्तानी छोड़ी, वनडे में जारी रहेगी भूमिका
क्रिकेट आयरलैंड के अनुसार, स्टर्लिंग टी20 कप्तानी छोड़ने के बावजूद टीम का हिस्सा बने रहेंगे और वनडे फॉर्मेट में कप्तानी करते रहेंगे। इस्तीफे के बाद स्टर्लिंग ने भावुक बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “आयरलैंड की टी20 टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए गर्व की बात रही है। यह भूमिका सम्मान और जिम्मेदारी से जुड़ी थी। टीम के साथियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और फैंस का दिल से आभार। मैं अब भी टीम के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।”
Paul Stirling : साथियों और फैंस का जताया शुक्रिया
स्टर्लिंग ने अपने बयान में टीम के हर सदस्य को धन्यवाद दिया। उन्होंने फैंस के समर्थन को खास बताया और कहा कि दुनिया भर से मिलने वाला यह समर्थन टीम के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने टीम की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
Paul Stirling : कप्तानी और करियर का रिकॉर्ड
पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड के लिए 48 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम को 20 जीत, 26 हार और 2 बेनतीजा मैच मिले। उनसे ज्यादा टी20 में सिर्फ विलियम पोर्टरफील्ड और एंडी बालबर्नी ने कप्तानी की है। 2009 में डेब्यू करने वाले स्टर्लिंग आयरलैंड के सबसे सफल टी20 बल्लेबाजों में शुमार हैं। उन्होंने 163 टी20आई मैचों में 3895 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 134.35 रहा है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


