Online Betting Network
Online Betting Network : खैरागढ़। खैरागढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए नागपुर में संचालित किए जा रहे ‘शिवा बुक’ सट्टा एप की एक ब्रांच पर छापेमारी कर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस नेटवर्क का मुख्य संचालक समेत कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Online Betting Network : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, 2.28 लाख रुपये के बैंक बैलेंस, 25 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 26 एटीएम कार्ड, 19 बैंक पासबुक, 14 चेकबुक, 8 आधार कार्ड, एक पासपोर्ट, वाई-फाई राउटर, और सट्टे के रजिस्टर समेत कुल करीब 7.5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क के जरिए 20 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन किया गया है, जिसे बैंक और यूपीआई खातों के माध्यम से अंजाम दिया गया और अब उसे सीज कर दिया गया है।
Online Betting Network : एसपी लक्ष्य शर्मा के निर्देशन में खैरागढ़ सायबर सेल और छुईखदान थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर के एक फ्लैट में छापा मारा, जहां से सट्टा गतिविधियां मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से संचालित की जा रही थीं। यह नेटवर्क न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देश के अन्य राज्यों तक फैला हुआ था और आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए गए।
Online Betting Network : जांच में यह भी सामने आया कि ‘शिवा बुक’ एप का सीधा संबंध महादेव बुक, अन्ना रेड्डी, लोटस और शिवनाथ जैसे अन्य अवैध सट्टा प्लेटफॉर्म्स से है। ये सभी एप्स एक समान सोर्स कोड और सर्वर के जरिए ऑपरेट हो रहे थे। ये शातिर अपराधी इन एप्स के नाम और लोगो में मामूली बदलाव कर जनता और पुलिस को गुमराह करते हैं। इतना ही नहीं, यह नेटवर्क हवाला, ड्रग्स और बिटकॉइन जैसे अवैध कारोबार में भी संलिप्त रहा है, और इसके तार दुबई तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
Online Betting Network : पुलिस के अनुसार, इस पूरे सट्टा नेटवर्क का मुख्य संचालक छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का रहने वाला है, जिसकी तलाश के लिए कई स्थानों पर छापेमारी जारी है। जब्त किए गए डेटा और बैंक डिटेल्स की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या इस नेटवर्क का संबंध महादेव बुक या अन्ना रेड्डी जैसे बड़े रैकेट्स से है। पुलिस को संदेह है कि इस संगठित सट्टा कारोबार में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


