Mission Shakti 5.0
Mission Shakti 5.0: लखनऊ : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का मिशन शक्ति 5.0 बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए पूरे जोश के साथ चल रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेश की बेटियां एक दिन के लिए प्रशासनिक अधिकारी बनकर सरकारी प्रक्रियाओं का अनुभव करेंगी। सोमवार को प्रदेश के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में लाखों बालिकाओं, बालकों, शिक्षकों और अभिभावकों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
Mission Shakti 5.0: जागरूकता रैलियां और नुक्कड़ नाटक
मिशन शक्ति 5.0 के तहत बालिकाओं ने महिला सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी का संदेश देने के लिए 48,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता रैलियां निकालीं और नारे लगाए। साथ ही, मां दुर्गा के नवरूपों पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन 45,000 से ज्यादा स्थानों पर हुआ। इस दौरान 3.45 लाख से अधिक बालिकाएं, 2.56 लाख बालक, 45,000 शिक्षक और 1.25 लाख अभिभावक शामिल हुए। अभिभावकों ने संवाद के जरिए बच्चों को मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
Mission Shakti 5.0: आत्मरक्षा प्रशिक्षण और पोस्टर प्रतियोगिता
1.61 लाख से अधिक बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को बल मिला। इसके अलावा, 21 सितंबर को सभी KGBV में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 88,000 से ज्यादा बालिकाओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों पर आधारित रचनात्मक पोस्टर बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
Mission Shakti 5.0: सशक्त और जागरूक बेटियां
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा, “हमारा लक्ष्य हर बालिका को शिक्षा के साथ-साथ सशक्त, जागरूक और समाज का नेतृत्व करने योग्य बनाना है। मिशन शक्ति 5.0 इस दिशा में हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि यह अभियान नारी शक्ति और सशक्तिकरण के संदेश को हर घर तक पहुंचाने का एक व्यापक प्रयास है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


