UP-Nepal Rail Connectivity: नेपाल के लिए यूपी से शुरू हुई पहली ट्रेन सेवा, CM योगी ने दिखाई हरी झंडी; 4 ट्रेनों का होगा संचालन
उत्तर प्रदेश के बहराइच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपालगंज रोड से वाराणसी के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े।
UP-Nepal Rail Connectivity: वाराणसी। भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश के बहराइच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपालगंज रोड से वाराणसी के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े। नई रेल सेवा शुरू होने के साथ नेपाल और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है।
दशकों पुराना सपना हुआ साकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेपालगंज रोड तक ब्रॉडगेज रेल सेवा शुरू होना दशकों से देखे जा रहे सपने के पूरा होने जैसा है। उन्होंने भारत और नेपाल के रिश्तों को केवल राजनीतिक संबंधों तक सीमित न बताते हुए दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र किया। सीएम ने कहा कि काशी, गोरखपुर, अयोध्या और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने से लोगों की आवाजाही बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड रेलखंड को ब्रॉडगेज नेटवर्क से जोड़ने के लिए करीब 730 करोड़ रुपये की लागत से 56 किलोमीटर लंबे रेलखंड का काम पूरा किया गया है। इस परियोजना से सीमा क्षेत्र को बेहतर रेल संपर्क मिलने के साथ विकास की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।
इस रूट पर चलेंगी 4 ट्रेनें
नई व्यवस्था के तहत नेपालगंज रोड और वाराणसी के बीच दो एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन होगा। इसके अलावा गोंडा और नेपालगंज रोड के बीच दो मेमू/पैसेंजर ट्रेनों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। नेपालगंज रोड-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 4 बजे नेपालगंज रोड से रवाना होकर दोपहर 1:35 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन वाराणसी से दोपहर 2 बजे चलेगी और रात करीब 11 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी।
इसके अलावा नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस और गोंडा-नेपालगंज रोड के बीच चलने वाली पैसेंजर सेवाएं भी यात्रियों को उपलब्ध रहेंगी। इससे नेपालगंज के साथ बहराइच, गोंडा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई शहरों की सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई रेल सेवा के रूट में नानपारा, रिसिया, बहराइच, पयागपुर, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, देवरिया, भटनी, मऊ, औंड़िहार और सारनाथ समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। यात्रियों को अलग-अलग क्षेत्रों से वाराणसी और नेपालगंज तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा असर क्षेत्र के विकास पर पड़ता है। भारत-नेपाल रेल संपर्क मजबूत होने से दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों तक पहुंच आसान होने से नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ सकती है।
सीएम योगी ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी से कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बाजार मिल सकता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में परिवहन की सुविधा बेहतर होने से रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
पहली ट्रेन में करीब 600 यात्रियों ने किया सफर
ब्रॉडगेज रेल सेवा के शुभारंभ को लेकर यात्रियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पहली ट्रेन में यात्रा के लिए रेलवे की ओर से मुफ्त कूपन उपलब्ध कराए गए थे। जानकारी के मुताबिक करीब 600 यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनने के लिए नेपालगंज रोड स्टेशन पहुंचे।
उद्घाटन के मौके पर नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी के लिए विशेष ट्रेन भी रवाना की गई। इस ट्रेन में विभिन्न श्रेणियों के कुल 17 कोच लगाए गए थे। नई रेल सेवा के शुरू होने के साथ भारत और नेपाल के बीच परिवहन संपर्क को एक नई गति मिलने की उम्मीद है।