UP Accident : महराजगंज से लौट रहे तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, सड़क हादसे ने छीन ली तीन परिवारों की खुशियां
भदोही के इटवा गांव के सामने बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन युवकों की मौत, एक साथ तीन घरों में मातम छाया और गांव में पसरा सन्नाटा।
UP Accident : भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवा गांव के सामने हुई इस दुर्घटना ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई, वहीं मेदनीपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, मेदनीपुर गांव निवासी तीन युवक रविवार को बाइक से महराजगंज गए थे। वहां से लौटते समय वे उत्तरी सर्विस लेन के रास्ते अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान इटवा गांव के सामने उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान मेदनीपुर निवासी विवेक बिंद (29), सूरज बिंद (20) और विकास बिंद (19) के रूप में हुई है। विवेक, चुन्नीलाल के पुत्र थे, जबकि सूरज पप्पू बिंद और विकास राकेश बिंद के बेटे थे। तीनों युवकों की मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।