UP News : हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने एक कार से करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि रकम का बड़ा हिस्सा कार के दरवाजों में बनाए गए गुप्त खानों में छिपाकर रखा गया था। खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को पिलखुवा क्षेत्र में छिजारसी टोल के पास DRI की टीम ने शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही एक कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान एक बैग से 35 लाख रुपये बरामद हुए। इसके बाद जब कार के दरवाजों में बने गुप्त खानों की जांच की गई, तो वहां छिपाकर रखे गए 2.65 करोड़ रुपये मिले।

इस तरह कार से कुल करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई। कार में सवार लोग रकम से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी दे पाए। DRI ने बरामद नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचना दी है। अब रकम के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags: