CG Accident: Speeding truck hits motorcycle; two youths killed, one in critical condition.
CG Accident : रायगढ़। जिले में रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बंगुरसिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
CG Accident : पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:45 बजे ओडिशा नंबर (OD-16 C-7859) का एक भारी वाहन बंगुरसिया के पास तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 20 वर्षीय प्रकाश राठिया की मौके पर ही मौत हो गई।
CG Accident : हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 21 वर्षीय दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे युवक ज्ञानचंद मिर्धा (21) की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
CG Accident : बताया जा रहा है कि तीनों युवक तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई के निवासी थे और किसी निजी कार्य से रायगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान बंगुरसिया के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।

