CG News: Father and son die after coming into contact with live wires laid in a field to protect crops from cattle.
CG News : कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां फसल की सुरक्षा के लिए खेत में बिछाए गए करंट वाले तार ने एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान ले ली। बेटे को बचाने दौड़े पिता भी बिजली की चपेट में आ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
CG News : यह हादसा ग्राम बिरनपुर का है। जानकारी के अनुसार, परमेश्वर पटेल (22) ने अपनी फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत की मेड़ पर बिजली का करंट प्रवाहित तार लगाया था। बुधवार को खेत में काम करते समय वह अनजाने में उसी तार के संपर्क में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
CG News : कुछ देर बाद खेत पहुंचे उनके पिता गोकरण पटेल (55) ने बेटे को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। बेटे को बचाने के लिए जैसे ही उन्होंने उसे उठाने की कोशिश की, वे भी करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते पिता और पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
CG News : आसपास के किसानों ने दोनों को खेत में पड़ा देखा तो तुरंत ग्राम कोटवार और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
CG News : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र किराए के खेत में खेती करते थे और उनकी आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर थी। एक साथ दो कमाने वाले सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
CG News : लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि फसल की सुरक्षा के लिए खेतों में करंट प्रवाहित तार लगाने जैसी खतरनाक और अवैध पद्धति का इस्तेमाल न करें।

