CG Weather News: Monsoon is nearing its arrival in Chhattisgarh, several districts have issued a yellow alert for rain and thunderstorms, and the weather may change in the next five days.
CG Weather News : रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब प्रदेश की दहलीज पर पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के भीतर इसके छत्तीसगढ़ में प्रवेश की संभावना जताई है। अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के चलते प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
CG Weather News : शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली। चंद्रपुर में सर्वाधिक 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि देवभोग, बस्तर और नवागढ़ समेत अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हुई। इसके बावजूद गर्मी का असर बरकरार है। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
CG Weather News : मौसम विभाग ने रविवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
CG Weather News : मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में देवगढ़, कोप्पल, आनंदपुरम और चेन्नई तक पहुंच चुकी है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के आसपास बने ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण तथा सक्रिय द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
CG Weather News : राजधानी रायपुर में भी रविवार को बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद बूंदाबांदी तक नहीं होने से लोगों की उम्मीदें बार-बार टूट रही हैं। अब सभी की निगाहें मानसून की पहली जोरदार बारिश पर टिकी हुई हैं, जो तपती गर्मी से राहत दिला सकती है।

