Raipur City News : रायपुर में भीषण गर्मी के बीच पानी का संकट गहराया, टैंकर आते ही मच जाता है हंगामा, देखिए Asian News की रिपोर्ट
Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी के बीच पीने के पानी का संकट गहराता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में लोग सुबह से शाम तक पानी के टैंकर का इंतजार कर रहे हैं। टैंकर पहुंचते ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग झूमा-झटकी की स्थिति में पानी भरने के लिए लाइन तोड़ते नजर आ रहे हैं। कई बस्तियों में हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी पानी के बिना ही लौट जाते हैं।
Raipur City News : 10 जोनों के 70 वार्डों में से 35 वार्डों में गंभीर जल संकट
रायपुर शहर को 10 जोनों में बांटा गया है, जिनमें कुल 70 वार्ड आते हैं। इनमें से करीब 30 से 35 वार्डों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। नगर निगम अपने टैंकरों के साथ-साथ प्राइवेट टैंकर भी किराए पर लेकर पानी की आपूर्ति कर रहा है। एक प्राइवेट टैंकर की लागत लगभग 556 रुपये बताई जा रही है, जिसका भुगतान नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। टैंकरों को जोन मुख्यालय से भरकर विभिन्न वार्डों में अलग-अलग फेरों में पहुंचाया जा रहा है।
Raipur City News : चंगोराभाठा, खम्हारडीह और लाभांडी में सबसे बदतर हालात
रायपुर के चंगोराभाठा, खम्हारडीह, लाभांडी समेत कई इलाकों में पानी का संकट सबसे ज्यादा गंभीर है। इन क्षेत्रों में पाइपलाइन तो बिछी हुई है, लेकिन नलों में पानी का प्रेशर बेहद कम है या बिल्कुल नहीं आता। नतीजतन लोगों को पूरी तरह टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। खम्हारडीह की महिलाएं बताती हैं कि वे लगभग 40 साल से इस समस्या से जूझ रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
Raipur City News : नगर निगम की नल जल योजना धरी की धरी, टैंकर पर निर्भरता बढ़ी
नगर निगम ने करोड़ों रुपये खर्च कर नल जल योजनाएं बनाई थीं, लेकिन धरातल पर इनका कोई खास असर नजर नहीं आ रहा है। कई जगहों पर पाइपलाइन बिछ चुकी है, फिर भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है। फिलहाल प्रशासन टैंकरों के जरिए आपूर्ति बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन गर्मी अभी और बढ़नी है। अप्रैल में ही इतनी गंभीर समस्या होने से मई-जून में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Raipur City News : नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर तीखा हमला
रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इस संकट को लेकर ट्रिपल इंजन वाली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हर साल गर्मी आने से पहले पानी का संकट उभरता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
Raipur City News : कब मिलेगा स्थायी समाधान?
शहरवासी अब सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक राजधानी के लोग पानी के लिए इस तरह संघर्ष करते रहेंगे। नगर निगम लगातार टैंकर सप्लाई बढ़ाने का दावा कर रहा है, लेकिन लोग स्थायी नल जल व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। अगर जल स्तर और गिरता रहा तो आने वाले दिनों में और ज्यादा वार्डों में यह समस्या फैल सकती है।

