CG News : राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस बल ने कोहकाटोला के घने जंगल में नक्सलियों के एक अस्थायी कैंप को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही नक्सली हथियार और सामान छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
CG News : जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई। अभियान में जिला पुलिस बल, सीएएफ (CAF) और डीआरजी (DRG) की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस को 15 मार्च को सूचना मिली थी कि औंधी थाना क्षेत्र के कोहकाटोला जंगल में 4 से 5 हथियारबंद नक्सली सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान चलाया।
CG News : दबाव बढ़ने पर नक्सली पहाड़ी और घने जंगल का सहारा लेकर भाग निकले, लेकिन जल्दबाजी में वे अपना सामान वहीं छोड़ गए। सर्चिंग के दौरान पुलिस ने मौके से एक इंसास राइफल, एक मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा पावर बैंक, दवाइयां, बैग, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग के अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद इंसास राइफल का इस्तेमाल महिला नक्सली कमांडर हिडमे मरकाम द्वारा किया जाता था।
CG News : पूछताछ में सामने आया है कि यह राइफल वर्ष 2010 में कांकेर जिले के दुर्गकोंडल थाना क्षेत्र के भुस्की गांव से लूटी गई थी। इस मामले में सक्रिय नक्सलियों राजे, मंगेश, हिडमे समेत अन्य के खिलाफ यूएपीए और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल फरार नक्सलियों की तलाश के लिए इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


