CG News
CG News : रायपुर। रायपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार भेंट की गई। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें कार की चाबी सौंपकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन किया है और यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को प्रोत्साहित करने के लिए टाटा मोटर्स की इस पहल की सराहना की।
CG News : खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खेल अधोसंरचना के विकास से प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से दूरदराज के क्षेत्रों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय जनजातीय खेलों की मेजबानी मिलने से भी राज्य में खेलों का वातावरण मजबूत हुआ है।
CG News : मुख्यमंत्री के स्नेह से बढ़ता है हौसला
इस अवसर पर आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि विश्व कप जीतने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश की बेटी के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया, जिससे उनका मनोबल और बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है और यह पल उनके जीवन में हमेशा यादगार रहेगा। साथ ही उन्होंने टीम के साथ अपने अनुभव और विश्व कप जीत की यात्रा से जुड़े कुछ खास क्षण भी साझा किए।
CG News : टाटा मोटर्स की ओर से दिया गया उपहार
जानकारी के अनुसार भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत की खुशी में टाटा मोटर्स द्वारा टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को टाटा सिएरा एसयूवी कार भेंट की जा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह कार प्रदान की गई।
गौरतलब है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ष 2025 में पहली बार महिला विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम के सदस्यों को विशेष उपहार देने की घोषणा की थी।
इस कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि, आकांक्षा सत्यवंशी के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


