Accident : बेकाबू DTC बस ने कई लोगों को कुचला, 3 की मौत; गुस्साई भीड़ ने की तोड़फोड़
Accident : नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके में तेज रफ्तार डीटीसी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे लोगों को कुचलती हुई निकल गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बस में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Accident : ई-रिक्शा और स्कूटी को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार यह हादसा बाहरी दिल्ली के नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डीटीसी बस ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर आगे बढ़ते हुए एक स्कूटी सवार को कुचल दिया।
हादसे में एक व्यक्ति की पहचान रविकांत शर्मा के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
Accident : हादसे के बाद भड़की भीड़
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने बस चालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ ने एक बस में आग भी लगा दी, जिससे आसपास के इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Accident : ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट भी की। घटना के कारण पूरे इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
Accident : पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

