MP Crime : सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में प्रेम प्रसंग ने एक खौफनाक हत्या का रूप ले लिया। बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा में एक युवक को प्रेमिका के घर बुलाकर पहले बिजली का करंट दिया गया, फिर बेरहमी से पीटते हुए कुल्हाड़ी से उसका पैर काट दिया गया। बाद में उसे मृत समझकर खेत में फेंक दिया गया, जहां से गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए जाने के बाद उसकी मौत हो गई।
MP Crime : पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आजादपुर निवासी संदीप यादव के रूप में हुई है। 27–28 फरवरी की रात आरोपियों ने उसे घर बुलाया और पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह शादी की जिद पर अड़ा रहा तो उस पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि संदीप और पूजा पनिका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। इसी बीच पूजा की शादी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में तय हो गई थी।
MP Crime : संदीप इस रिश्ते का विरोध कर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। इसी बात से परेशान होकर पूजा ने पूरी बात अपने परिवार को बता दी। इसके बाद पूजा, उसकी मां मुन्नी देवी, भाई मेलासागर और चाचा भोलानाथ ने मिलकर संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत उसे घर बुलाया गया और पहले बिजली के तार से करंट दिया गया। इसके बाद लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई। इसी दौरान भोलानाथ ने कुल्हाड़ी से उसका बायां पैर काट दिया।
MP Crime : आरोपियों ने संदीप को मृत समझकर गांव के बाहर अरहर के खेत में फेंक दिया और सबूत मिटाने के लिए उसके कपड़े भी जला दिए, ताकि घटना को जंगली जानवरों के लिए लगाए गए करंट का हादसा दिखाया जा सके। हालांकि सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की गई।
MP Crime : जांच में आरोपियों के घर से खून के निशान भी मिले, जिन्हें गोबर से पुताई कर छिपाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने इस मामले में पूजा पनिका, उसकी मां मुन्नी देवी, भाई मेलासागर और चाचा भोलानाथ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लाठी, कुल्हाड़ी, बिजली का तार और मोबाइल जब्त किया गया है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


