CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी घटिया सड़क निर्माण पाया गया तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
CG News : मंत्रालय महानदी भवन में आज पीडब्ल्यूडी के कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के बाद जांच करने के बजाय निर्माण के दौरान ही अधिकारियों को फील्ड में जाकर नियमित निगरानी करनी होगी। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल तकनीकी परियोजना नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा और सरकार की छवि से सीधे जुड़ी होती हैं। बैठक में बागबहार-कोतबा सड़क की खराब हालत पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ ही सालों में सड़क खराब हो जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इस मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
CG News : मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि टेंडर जारी होने से लेकर कार्य आवंटन तक की प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि कई ठेकेदार कम दर पर टेंडर लेकर बाद में काम की गुणवत्ता से समझौता करते हैं, ऐसी स्थिति में उनकी जवाबदेही तय करना जरूरी है। समीक्षा बैठक में प्रदेश के लगभग 300 ऐसे गांवों की भी चर्चा हुई, जहां बारिश के दौरान संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। मुख्यमंत्री ने इन गांवों को सड़क और पुल-पुलियों के माध्यम से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए।
CG News : इसके अलावा मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, अंबिकापुर, पत्थलगांव, कुनकुरी, जशपुर व झारखंड सीमा तक बनने वाले करीब 353 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में बस्तर क्षेत्र में पुल-पुलियों और 17 नई सड़कों के निर्माण व उन्नयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में बनने वाले शासकीय भवनों को भी आधुनिक डिजाइन और तकनीक के आधार पर तैयार किया जाए, ताकि उनकी उपयोगिता और सौंदर्य दोनों बेहतर हो सकें। उन्होंने साफ कहा कि सड़क की गुणवत्ता से ही जनता सरकार का काम आंकती है, इसलिए निर्माण कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
CG News : बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, राहुल भगत एवं लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


