MP Assembly
MP Assembly : भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान हल्का-फुल्का हास्य और तीखी सियासी टिप्पणियां एक साथ देखने को मिलीं। वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय चर्चा के केंद्र में रहे, जबकि अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत के बीच हुए संवाद ने सदन में ठहाके गूंजा दिए।
MP Assembly : होली से पहले सदन में सियासी बयानबाजी
प्रश्नकाल के दौरान अध्यक्ष ने मुस्कुराते हुए कहा कि कैलाश विजयवर्गीय आज बेहद सकारात्मक जवाब दे रहे हैं। इस पर भंवर सिंह शेखावत ने शेर के अंदाज में टिप्पणी की, “बदले-बदले मेरे सरकार नजर आते हैं, लगता है किसी की बर्बादी के आसार नजर आते हैं।”
माहौल को और हल्का करते हुए अध्यक्ष ने पूछा कि इंदौर में होली पर ‘मूर्ख सम्मेलन’ होगा या नहीं और क्या उसमें शेखावत जी को बुलाया जाएगा। जवाब में शेखावत ने कहा कि ‘बजरबट्टू सम्मेलन’ होता है और कैलाश जी किसी को बजरबट्टू नहीं बनने देते। इस पर कैलाश विजयवर्गीय ने चुटकी लेते हुए कहा, “वो पहले से ही हैं, इसलिए नहीं बुलाते। होली आ रही है।”
इस हास्यपूर्ण आदान-प्रदान के साथ प्रश्नकाल का पहला हिस्सा खत्म हुआ।
MP Assembly : बारिश और ओलावृष्टि पर गंभीर बहस
माहौल जल्द ही गंभीर हो गया जब हालिया बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि दो दिनों की बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में फसलों को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
MP Assembly : सरकार का आश्वासन
कैलाश विजयवर्गीय ने जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा संबंधित जिलों के कलेक्टरों को सर्वे कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां-जहां फसल का नुकसान हुआ है, वहां नियमानुसार सर्वे के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


