CG News : सिरपुर। ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिरपुर महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर घोषणा की कि सिरपुर में बेहतर सड़क, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
CG News : मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है। यहां मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत संरचनाओं के विकास को गति मिलेगी।
CG News : मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिरपुर महोत्सव में मलेशिया, कोरिया और जापान से बौद्ध भिक्षु और विचारक पहुंचे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि सिरपुर की पहचान अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बन रही है। उन्होंने कहा कि सिरपुर में सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृतियों का अद्भुत संगम देखने को मिलता है और सरकार इसे विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।

CG News : क्षेत्रीय विकास से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर बैराज को शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी। साथ ही सिकासेर जलाशय से कोडार जलाशय तक पानी पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए निरंतर जल उपलब्ध हो सकेगा।
CG News : खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है। इस आयोजन से सिरपुर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
CG News : इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


