Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

MP Accident : 90 डिग्री के अंधे मोड़ पर पलटा प्याज से भरा ट्रक, 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

MP Accident: Truck loaded with onions overturns at a 90-degree blind turn, 3 labourers die tragically
X

MP Accident: Truck loaded with onions overturns at a 90-degree blind turn, 3 labourers die tragically

MP Accident : देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन मजदूरों की जान ले ली। सोनकच्छ रोड स्थित बैराखेड़ी के खतरनाक 90 डिग्री अंधे मोड़ पर प्याज से लदा आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार मजदूर प्याज की भारी बोरियों के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

MP Accident : जानकारी के मुताबिक, ट्रक बैराखेड़ी फाटे की ओर से आ रहा था। तेज रफ्तार के कारण चालक अंधे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि मजदूर मदद के लिए चीखते रहे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और भारी बोरियों को हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की।

MP Accident : ग्रामीणों और पुलिस की मदद से देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। घायलों को तत्काल सोनकच्छ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया है। मृतक और घायल सभी मजदूर ग्राम बालोन के निवासी बताए जा रहे हैं।

MP Accident : घटना की सूचना पर पीपलरावा थाना प्रभारी सुबोध गौतम और बालोन चौकी प्रभारी कपिल नरवरे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दबे मजदूरों को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

MP Accident : स्थानीय लोगों का कहना है कि बैराखेड़ी का यह 90 डिग्री मोड़ लंबे समय से हादसों का कारण बना हुआ है। यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019