Chamoli loco Train Collision
Chamoli loco Train Collision: चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार रात को एक बड़ा हादसा हुआ, जब विष्णुगाड़ पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की पीपलकोटी सुरंग में मजदूरों को ले जा रही लोको ट्रेन दूसरी सामान ढोने वाली लोको ट्रेन से टकरा गई। इस दुर्घटना में कुल 70 मजदूर घायल हुए हैं। हादसा रात 10 बजे तब हुआ, जब मजदूरों की शिफ्ट बदल रही थी और सुरंग में 108 मजदूर सवार थे।
Chamoli loco Train Collision: शुरुआती जांच में सामने आया कि किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक ट्रेन ने पीछे से दूसरी ट्रेन को टक्कर मार दी। इस जोरदार टक्कर से सुरंग में सवार मजदूर संभल नहीं पाए और कई लोग ट्रेन के अंदर ही गिर पड़े। टक्कर के साथ ही सुरंग के भीतर अफरा-तफरी मच गई, मजदूरों में भगदड़ और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
Chamoli loco Train Collision: घटना की सूचना मिलते ही प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोटों के चलते विशेष निगरानी में रखा गया है। वर्तमान में 42 मजदूर गोपेश्वर जिला अस्पताल में और 17 मजदूर पीपलकोटी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
Chamoli loco Train Collision: अधिकतर घायल मजदूर झारखंड और ओडिशा से हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए और मजदूरों के परिजनों को सूचना दी। यह हादसा टिहरी हाइड्रो डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) के विष्णुगाड़ पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की सुरंग में हुआ। प्रशासन और प्रोजेक्ट अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता देते हुए जांच शुरू कर दी है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


