MP News : जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके मालवीय चौक में सोमवार दोपहर अचानक अफरातफरी मच गई, जब सतना बिल्डिंग के पास स्थित क्लासिक गारमेंट के शोरूम और गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। कपड़ों और जूतों का भारी स्टॉक होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे चार मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास का क्षेत्र घने काले धुएं से भर गया और दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
MP News : आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी और भीड़भाड़ वाले बाजार में ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया। तेज लपटों और लगातार उठते धुएं के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कठिनाई आ रही है।
MP News : प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग में 60 से 70 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया है, हालांकि नुकसान का अंतिम आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि आग पर जल्द नियंत्रण पाने के लिए पूरी टीम जुटी है। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच करेगी।
